Ticker

6/recent/ticker-posts

दहेज की शिकायत पर उल्टा फंसाने का आरोप, न्याय की गुहार लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ित...

रिपोर्ट-नरेन्द्र सिंह 

कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र के ग्राम चरवा पूरब टोला निवासी ममता देवी पत्नी विनोद कुमार ने पुलिस अधीक्षक कौशांबी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि दहेज उत्पीड़न के मामले में शिकायत करने के बाद उनके पूरे परिवार को पुलिस और विपक्षी पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां शरण लेनी पड़ रही है।
पीड़िता के अनुसार लगभग तीन माह पूर्व उनकी पुत्री अंजली का विवाह गांव निवासी राजेंद्र पुत्र प्यारेलाल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि विवाह के दूसरे दिन से ही ससुराल पक्ष ने दो लाख रुपये नकद और एक वाहन की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर पति राजेंद्र, ससुर प्यारेलाल और देवर राजू द्वारा अंजली के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा। पीड़िता का कहना है कि करीब 20 दिन पहले अंजली के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद जब मायके पक्ष ने थाने में शिकायत करने की बात कही तो ससुराल पक्ष ने कथित रूप से राजेंद्र को रिश्तेदारों के यहां भेजकर अंजली व उसके परिवार पर पति के अपहरण और हत्या कर शव गायब करने का झूठा आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करा दी।

ममता देवी ने आरोप लगाया कि चरवा थाने के एक उपनिरीक्षक और पुलिसकर्मी बार-बार उनके घर पहुंचकर अभद्र व्यवहार करते हैं तथा युवक को पेश न करने पर जेल भेजने की धमकी देते हैं, जबकि पुलिस को उसके रिश्तेदारों के यहां होने की जानकारी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष के लोग लगातार गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे उनका परिवार भयभीत होकर घर छोड़ने को मजबूर हो गया है।

पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक कौशांबी को लिखित शिकायत सौंपी है। वहीं, पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की जांच कर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिए जाने की बात कही गई है। समाचार पीड़ित पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस अथवा दूसरे पक्ष का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments