रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : सिराथू तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। भीषण गर्मी और उमस के बीच अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे सैकड़ों फरियादियों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ा। तहसील परिसर में लगे वाटर कूलर और पानी की टंकियां केवल शोपीस बनकर रह गईं, जबकि नलों से पानी नहीं आ रहा था। मिली जानकारी के अनुसार समाधान दिवस में दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे। तेज धूप और उमस के बीच फरियादियों ने जब परिसर में लगे नलों से पानी लेने का प्रयास किया तो उन्हें निराशा हाथ लगी। पानी की व्यवस्था ठप होने के कारण लोगों को मजबूरन बाहर की दुकानों से पानी की बोतल खरीदनी पड़ी, जबकि कई लोग प्यासे ही अपनी बारी का इंतजार करते रहे। गर्मी के कारण बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांग फरियादी सबसे अधिक परेशान नजर आए। कई लोग पेड़ों की छांव में बैठकर राहत पाने का प्रयास करते दिखे। फरियादियों का कहना था कि प्रशासन को समाधान दिवस जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में कम से कम पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा का समुचित इंतजाम करना चाहिए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि समाधान दिवस में जिला अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहते हैं, इसके बावजूद पानी जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध न होना प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है।
फरियादियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब जनता को अपनी समस्याएं लेकर प्रशासन के पास आना पड़ता है, तो उनकी बुनियादी जरूरतों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। लोगों ने तहसील परिसर में पेयजल व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।
0 Comments