Ticker

6/recent/ticker-posts

बाईपास टोल प्लाजा पर गैस टैंकर में लगी भीषण आग, कई लोग झुलसे...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र स्थित बाईपास टोल प्लाजा पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टोल प्लाजा पर खड़े एक गैस टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें तथा धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद टोल प्लाजा पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया और यातायात को कुछ समय के लिए प्रभावित किया गया, ताकि राहत एवं बचाव कार्य सुरक्षित ढंग से किया जा सके।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कई लोगों के झुलसने और घायल होने की सूचना है। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है। पुलिस ने बताया कि घटना स्थल पर पुलिस के उच्चाधिकारी, स्थानीय पुलिस बल और फायर सर्विस की टीम मौजूद रही। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है तथा स्थिति अब नियंत्रण में है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments