Ticker

6/recent/ticker-posts

लग्जरी कार में छिपाकर ला रहे थे 100 किलो गांजा, पुलिस ने पकड़ा

रिपोर्ट-जैगम हलीम 


कौशाम्बी : कोखराज थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) प्रयागराज की संयुक्त टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा ग्लैंजा कार भी कब्जे में ले ली है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर एक सफेद टोयोटा ग्लैंजा कार फतेहपुर की ओर जा रही है। सूचना के आधार पर कोखराज टोल प्लाजा के दोनों ओर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर सघन वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान प्रयागराज कट के पास संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से टेप से लिपटे 54 पैकेटों में कुल 100 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। मौके से कार सवार अयान उर्फ गयासू पुत्र एजाज अहमद तथा राहुल कुमार पुत्र रमेश, निवासी ग्राम कुठली, थाना हथगांव, जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोखराज में मुकदमा संख्या 398/2026, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा जा रहा है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हथगांव निवासी एक व्यक्ति के कहने पर उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर फतेहपुर जा रहे थे। उनका काम केवल वाहन चलाकर गांजा पहुंचाना था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस कार्यवाही को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

हालांकि, स्थानीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को लेकर निगरानी व्यवस्था और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments