Ticker

6/recent/ticker-posts

तेज रफ्तार मैजिक ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, एसआरएन हॉस्पिटल में चल रहा इलाज...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : सैनी थाना क्षेत्र के गुलामीपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के सामने सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल और बाद में गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल तथा प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार प्रयागराज जनपद के थाना पूरामुफ्ती क्षेत्र अंतर्गत कुशवाहा गांव निवासी गौतम कुमार पुत्र बद्री प्रसाद अपने साथी रोहित के साथ किसी कार्य से गणपा गांव आया हुआ था। देर रात दोनों मोटरसाइकिल से गुलामीपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने जा रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वे राष्ट्रीय राजमार्ग से पेट्रोल पंप की ओर मुड़े, तभी प्रयागराज की ओर से सैनी की तरफ जा रही तेज रफ्तार मैजिक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे की तेज आवाज सुनकर पेट्रोल पंप के कर्मचारी और आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने बताया कि घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हालत में सुधार न होने पर उन्हें प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल भेज दिया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति अभी नाजुक बनी हुई है।

घटना के संबंध में घायल गौतम कुमार की सास शांति देवी ने सैनी थाने में प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात मैजिक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार चालक और वाहन की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से राष्ट्रीय राजमार्ग और पेट्रोल पंप के आसपास यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments