ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : सराय अकिल थाना क्षेत्र के केवटरा गांव की रहने वाली खुशबू पत्नी राहुल ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) प्रयागराज से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने उसके घर में घुसकर मारपीट की, उसके साथ अभद्रता की और पूरे परिवार को गंभीर रूप से घायल कर दिया, लेकिन स्थानीय पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज करने के बजाय उसे थाने से भगा दिया। पीड़िता द्वारा आईजी को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, 17 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7 बजे चंदीलाल, मनीलाल, कमलराज, उमेश, शंकर और विशाल सहित कई लोग लाठी-डंडा व कुल्हाड़ी लेकर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर पीड़िता के साथ अभद्रता की और उसके कपड़े फाड़ दिए। शोर सुनकर पहुंचे उसके पति राहुल, ससुर अमरनाथ और चचेरे ससुर भैयन को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीटा, जिससे सभी घायल हो गए।
पीड़िता का कहना है कि घटना की शिकायत लेकर वह सरायअकिल थाने पहुंची, लेकिन उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके उलट विपक्षी पक्ष की ओर से उसके परिवार के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया गया। आईजी कार्यालय पहुंची पीड़िता ने बताया कि उसके पक्ष के लोगों के साथ भी मारपीट हुई थी, लेकिन उनकी बात सुने बिना एकतरफा कार्यवाही की गई।
उसने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, एफआईआर दर्ज कराने तथा अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। आईजी कार्यालय ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर नियमानुसार कार्यवाही की आश्वासन दिया है।
0 Comments