ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से लात-घूसों से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो को लेकर कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। इस बीच संदीपनघाट थाना क्षेत्र के पिपरहटा आलमचंद्र निवासी प्रिन्स मिश्रा ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर दावा किया है कि वायरल वीडियो उसी के साथ हुई मारपीट का है और यह घटना उधारी के ₹7,500 मांगने के विवाद से जुड़ी है। शिकायत के अनुसार, प्रिन्स मिश्रा की हर्रायपुर चौराहे पर "मिश्रा इलेक्ट्रॉनिक" के नाम से दुकान थी। करीब 15 माह पहले चरवा थाना क्षेत्र के हरि यादव और गोलू यादव उसकी दुकान से 12,500 की गोदरेज फ्रिज खरीदकर ले गए। आरोप है कि उस समय ₹5,000 नकद दिए गए, जबकि शेष ₹7,500 बाद में देने की बात कही गई।
पीड़ित का आरोप है कि मई 2025 में बकाया रकम मांगने पर उसे भीटी भैरव बाबा के पास बुलाया गया, जहां हरि यादव, गोलू यादव, राज यादव व दो अज्ञात लोगों ने उसकी बाइक की चाबी छीनकर जबरन सैयद सरावां स्थित एक बाग में ले जाकर लात-घूसों से बेरहमी से पीटा। आरोप है कि आरोपियों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और जेब में रखे करीब 2,500 भी छीन लिए। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों के डर से वह दिल्ली चला गया था, इसलिए तत्काल शिकायत नहीं कर सका। अब उसका आरोप है कि मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल की जा रही है और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
वायरल वीडियो को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोग दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग कर रहे हैं। वहीं पीड़ित ने पुलिस से निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही तथा अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। जबकि मामले में अभी पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना शेष है।
0 Comments