रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जनपद महोबा के चरखारी क्षेत्र स्थित खंदिया में संचालित निःशुल्क अंबेडकर पाठशाला में रविवार को कारगिल विजय दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा पाठशाला में अध्ययनरत बच्चों को निःशुल्क पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई। अंबेडकर पाठशाला शिक्षा सेवा फाउंडेशन, जिला महोबा के तत्वावधान में चरखारी नगर के रूपनगर और खंदिया में संचालित निःशुल्क अंबेडकर पाठशाला में कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य छविलाल वर्मा ने कारगिल युद्ध के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि वर्ष 1999 में जम्मू-कश्मीर के कारगिल क्षेत्र में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन विजय के तहत दुश्मन घुसपैठियों को खदेड़कर 26 जुलाई को ऐतिहासिक विजय प्राप्त की गई थी। उन्होंने कहा कि देश के वीर सैनिकों का बलिदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा और हमें उनके साहस एवं देशभक्ति से सीख लेनी चाहिए।
इस अवसर पर फाउंडेशन के डायरेक्टर इन्द्र कुमार कुशवाहा, अध्यक्ष अनिल कुशवाहा, उपाध्यक्ष मनोज यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद पाठशाला में अध्ययनरत बच्चों को कॉपी, किताब, पेंसिल एवं अन्य शैक्षिक सामग्री वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में पाठशाला संचालक मनीष कुमार, सोहितराम तिवारी, विकास साहू, पुष्पेंद्र सहित फाउंडेशन के कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
0 Comments