Ticker

6/recent/ticker-posts

गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग, गोभक्तों ने सौंपा राष्ट्रव्यापी ज्ञापन...

रिपोर्ट-वीरेन्द्र कुमार 

कौशाम्बी : गो माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय मंझनपुर स्थित डायट मैदान से संत समाज, गोभक्तों, विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने यात्रा निकाली। यात्रा के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित राष्ट्रव्यापी ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि देशभर में गो माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। आयोजकों का दावा है कि जनपद कौशांबी से लगभग पांच लाख लोगों ने इस अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर किए हैं। इन हस्ताक्षरों के माध्यम से केंद्र सरकार से गो माता को राष्ट्रमाता का दर्जा प्रदान करने की मांग की गई है।

ज्ञापन सौंपते हुए संत समाज और गोभक्तों ने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष महत्व है। इसलिए उन्हें राष्ट्रमाता का सम्मान दिया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से इस संबंध में आवश्यक निर्णय लेने की अपील की। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद काशी प्रांत के धर्म यात्रा प्रमुख अजय पांडेय, जिला अध्यक्ष नीलमणि त्रिपाठी सहित संत समाज के अनेक प्रतिनिधि, गोभक्त, विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments