रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : आगामी श्रावण शिवरात्रि एवं चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने चरखारी-गौरहारी मार्ग, कबरई तिराहे से मटौंध मार्ग, किराड़ी फाटक से कबरई मार्ग सहित विभिन्न सड़कों के गड्ढे भरवाने, झाड़ियों की कटाई कराने तथा कांवड़ यात्रा मार्गों को सुगम और मोटरेबल बनाने के निर्देश दिए। साथ ही झलकारी बाई तिराहे के पास क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को एक सप्ताह के भीतर ठीक कराने, नरसिंह कुटी एवं नेहरू बाल विद्या मंदिर के सामने की सड़क दुरुस्त कराने तथा हमीरपुर चुंगी तिराहा और जिला अस्पताल के पास अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए।
चेहल्लुम के मद्देनजर ताजिया एवं जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर विद्युत तारों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए कहा गया। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
बैठक में विभिन्न धर्मगुरुओं, शांति समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए दोनों पर्वों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प व्यक्त किया।
0 Comments