Ticker

6/recent/ticker-posts

सीएम आरोग्य मेले में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ, सैकड़ों मरीजों की हुई जांच...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : जनपद में रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन 33 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं 3 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, लखनऊ के निर्देशानुसार मेले की निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों, अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों सहित जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज, महगांव एवं भरवारी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। इस दौरान जनपद के स्वास्थ्य मेलों में 54 चिकित्साधिकारी एवं 145 पैरामेडिकल कर्मचारियों की तैनाती की गई। मेले में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित कुल 1079 मरीजों का पंजीकरण कर उनका उपचार किया गया। गंभीर स्थिति वाले 6 मरीजों को मेडिकल कॉलेज एवं जिला संयुक्त चिकित्सालय, मंझनपुर रेफर किया गया।

स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान 91 मरीज डायबिटीज, 20 मरीज उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), 34 मरीज नेत्र रोग तथा 73 मरीज बुखार से पीड़ित पाए गए। इसके अलावा 83 लोगों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर निशुल्क परामर्श प्रदान किया गया। मेले में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ डिजिटल स्वास्थ्य सुविधाओं को भी बढ़ावा दिया गया। इस दौरान 46 आभा (ABHA) आईडी तथा 46 गोल्डन कार्ड भी बनाए गए। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Post a Comment

0 Comments