रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : चायल सर्किल के पैगम्बरपुर विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले कैमुद्दीनपुर गांव के ग्रामीणों ने 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन को सुरक्षित केबल (गुर्रा) से बदलने की मांग एक बार फिर उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले करीब पांच वर्षों से लगातार इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई थी। उनका आरोप है कि बीते पांच वर्षों में इस विद्युत लाइन से जुड़े हादसों में पांच से छह लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही 11 हजार वोल्ट की लाइन को सुरक्षित व्यवस्था से नहीं बदला गया तो भविष्य में भी बड़े हादसे होने की आशंका बनी रहेगी।
उन्होंने उत्तर प्रदेश की चायल विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूजा पाल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप कर शीघ्र कार्रवाई कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते विद्युत लाइन को सुरक्षित नहीं कराया गया तो किसी और परिवार को अपूरणीय क्षति उठानी पड़ सकती है। उन्होंने विद्युत विभाग से जनहित को देखते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।
0 Comments