रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जनपद के ऐतिहासिक एवं परंपरागत कजली मेला महोत्सव-2026 का रविवार को भव्य एवं विधिवत शुभारंभ हुआ। हवेली दरवाजा पर राज्य मंत्री श्रम एवं सेवायोजन विभाग एवं जनपद के प्रभारी मंत्री मनोहर लाल (मन्नू कोरी), विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, सदर विधायक राकेश गोस्वामी, जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संतोष चौरसिया, जिलाधिकारी गजल भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह सहित जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। इसके साथ ही भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में कजली की पारंपरिक ढोला गायन परंपरा के साथ वीर योद्धाओं आल्हा-ऊदल, राजा परमाल और रानी लक्ष्मीबाई की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। हाथी और घोड़े शोभायात्रा के विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकी समेत विभिन्न संदेशपरक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। हवेली दरवाजा से शुरू हुई शोभायात्रा नगरपालिका चौक, आल्हा चौक, ऊदल चौक और राठ चुंगी होते हुए कीरत सागर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी इंद्र नंदन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका महोबा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कजली मेला महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही पूरे जनपद में उत्साह और उल्लास का माहौल नजर आया। ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े इस आयोजन ने महोबा की लोक परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को जीवंत कर दिया।
0 Comments