Ticker

6/recent/ticker-posts

बिना होलस्टर कमर में सरकारी पिस्टल, सल्लाहपुर चौकी प्रभारी पर उठे सवाल

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र की सल्लाहपुर पुलिस चौकी के प्रभारी का कथित वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में चौकी प्रभारी कमर में बिना होलस्टर के सरकारी पिस्टल लगाए हुए नजर आ रहे हैं। थाना परिसर और सार्वजनिक स्थान पर इस तरह हथियार लेकर घूमने को लेकर लोगों में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौकी प्रभारी अक्सर पुलिसिया रौब दिखाते हुए नजर आते हैं। आरोप यह भी है कि चौकी क्षेत्र में अपराधियों और कथित दलालों के साथ उनकी नजदीकियों को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिसकर्मियों को सर्विस हथियार सुरक्षित तरीके से निर्धारित होलस्टर अथवा कवर में रखने के निर्देश दिए जाते हैं। ऐसे में यदि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार वास्तव में सरकारी सर्विस पिस्टल है और उसे बिना निर्धारित होलस्टर के लगाया गया है, तो यह सुरक्षा और अनुशासन दोनों के लिहाज से गंभीर विषय माना जा सकता है।

लोगों का कहना है कि पुलिसकर्मी के पास हथियार जनता की सुरक्षा के लिए होता है, न कि सार्वजनिक स्थान पर उसका प्रदर्शन करने के लिए। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से वायरल वीडियो की जांच कराकर संबंधित पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी तय करने की मांग उठ रही है। अब देखना यह है कि पुलिस विभाग वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच कराता है या नहीं। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चौकी प्रभारी ने विभागीय नियमों का उल्लंघन किया है अथवा नहीं और यदि उल्लंघन पाया जाता है तो उनके खिलाफ क्या कार्यवाही की जाती है।

Post a Comment

0 Comments