रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को अपर जिलाधिकारी इन्द्र नंदन सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, स्कूली वाहनों की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने एआरटीओ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि जिन विद्यालयों द्वारा स्कूली वाहनों का फिटनेस कार्य पूर्ण नहीं कराया गया है, ऐसे वाहनों की सघन चेकिंग की जाए। अनफिट वाहन संचालित पाए जाने पर उन्हें सीज करते हुए विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी स्कूली वाहन चालकों का पुलिस सत्यापन एवं नेत्र परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए। स्कूली बसों के पीछे हेल्पलाइन एवं इमरजेंसी नंबर अंकित कराने तथा प्रत्येक बस में अटेंडेंट की नियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं लोक निर्माण विभाग, एनएच, एनएचएआई एवं नगर पालिका परिषद को झाड़ियों के कारण कम दृश्यता वाले मार्गों की सफाई कराने और अंधे मोड़ों पर स्पीड लिमिट व सांकेतिक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। एनएचएआई छतरपुर को हमीरपुर चुंगी से किडारी फाटक तक सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराने तथा एनएचएआई कानपुर को कबरई से खन्ना मार्ग पर स्पीड लिमिट एवं साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और प्रमुख चौराहों पर होर्डिंग लगाने को कहा गया। साथ ही किडारी फाटक के पास एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि एनएच-34 पर दुर्घटना में घायल लोगों को निर्धारित रिस्पांस टाइम में अस्पताल पहुंचाया जा सके। नगर पालिका परिषद को रामकथा मार्ग तिराहे से 10 मीटर पूर्व ऊदल चौक की ओर बने बड़े गड्ढे को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, तीनों तहसीलों के उपजिलाधिकारी, लोक निर्माण विभाग एवं एनएचएआई के अधिकारी, एआरटीओ, डीआईओएस, बीएसए, विद्यालय प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य सहित दाऊ तिवारी, रामजी गुप्ता, अल्ताफ हुसैन तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
0 Comments