रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। सिराथू तहसील क्षेत्र के उदहिन खुर्द गांव में बीती रात बारिश के दौरान एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे में घर के अंदर मौजूद एक महिला मलबे की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 11 बजे की है। बारिश के बीच अचानक कच्चा मकान ढहने से महिला मलबे में दब गई। मकान गिरने की तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर मलबा हटाया और महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से बारिश से प्रभावित गरीब परिवार की तत्काल मदद करने तथा पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा और राहत राशि दिलाए जाने की मांग की है। लगातार बारिश के चलते जिले में कच्चे मकानों के लिए खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर और कच्चे मकानों का सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की भी मांग की है।
0 Comments