Ticker

6/recent/ticker-posts

कजरी महोत्सव को भव्य बनाने की तैयारी तेज, 29 अगस्त से 4 सितंबर तक चलेगा कजली मेला...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा‌ : जनपद महोबा की सांस्कृतिक पहचान माने जाने वाले कजरी महोत्सव एवं कजली मेले का आयोजन इस वर्ष 29 अगस्त से 4 सितंबर तक किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में महोबा संरक्षण एवं विकास समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मेले के आयोजन, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि कजरी महोत्सव केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि महोबा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि महोत्सव के प्रत्येक दिन ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिनमें आल्हा-ऊदल की वीरगाथा, बुंदेली संस्कृति और जिले की ऐतिहासिक धरोहरों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाए। साथ ही विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक दलों की आकर्षक प्रस्तुतियां भी आयोजित हों। बैठक में मेले की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने पार्किंग, रूट डायवर्जन, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई और विकास प्रदर्शनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुकानों का आवंटन पूरी पारदर्शिता के साथ ई-लॉटरी प्रणाली से किया जाए तथा मेले में आने वाले बच्चों की सुरक्षा, झूलों की गुणवत्ता और खाद्य सामग्री की शुद्धता पर विशेष निगरानी रखी जाए।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग को स्टेशन रोड की मरम्मत, नगर पालिका को कीरत सागर क्षेत्र में प्रकाश, स्वच्छता और बैरिकेडिंग तथा संबंधित विभागों को शोभायात्रा की सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने कहा कि कजरी मेले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। झूलों समेत सभी व्यवस्थाओं की नियमित जांच होगी और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले में किसी भी नई परंपरा को शामिल नहीं किया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी इंद्र नंदन सिंह, सूर्यकांत त्रिपाठी, सुखबीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, डिप्टी कलेक्टर नैंसी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments