रिपोर्ट-नरेन्द्र सिंह
प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार को थानाध्यक्ष के नेतृत्व में कस्बा शिवाला, हैप्पी होम एवं मंदर तिराहा क्षेत्र में पैदल गश्त और सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्यवाही करते हुए कई वाहनों से अवैध काली फिल्म हटवाई गई। वहीं बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने वाले चालकों को रोककर यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई और उनके चालान भी किए गए।
पैदल गश्त के दौरान थानाध्यक्ष ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
इस दौरान थाना स्टाफ सहित पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से इस प्रकार के गश्त एवं चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
0 Comments