रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर वीरभूमि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, महोबा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में दिल्ली से पहुंचे आठ सदस्यीय वैज्ञानिक दल ने जनपद के विभिन्न विद्यालयों के करीब 400 छात्र-छात्राओं को अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को 200-200 के दो स्लॉट में प्रातः 8 से दोपहर 1 बजे और अपराह्न 1 से शाम 6 बजे तक प्रशिक्षण दिया गया। वैज्ञानिकों ने बच्चों को टेलीस्कोप के माध्यम से सूर्य का अवलोकन कराया। इसके साथ ही ऊंची इमारतों के मॉडल तैयार करने, रॉकेट बनाने और उसके लॉन्च की प्रक्रिया सहित विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष विज्ञान, रॉकेट तकनीक और वैज्ञानिक प्रयोगों को करीब से समझा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं और सवालों को जाना तथा उनके प्रश्नों के उत्तर दिए।
उन्होंने बच्चों को विज्ञान एवं अंतरिक्ष के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा नई खोजों का आधार है। विद्यार्थियों को ऐसे कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने ज्ञान और कौशल का विकास करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक प्रेमचन्द यादव ने जिलाधिकारी एवं वैज्ञानिक दल का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर शिवध्यान पांडेय, राजकीय इंटर कॉलेज महोबा के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार, दिलीप कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
0 Comments