Ticker

6/recent/ticker-posts

चारपाई पर सो रहे आठ वर्षीय बालक को सांप ने डंसा, इलाज के दौरान मौत...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में शनिवार भोर चारपाई पर सो रहे आठ वर्षीय बालक को जहरीले सांप ने डंस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी मातम पसरा है। रामपुर गांव निवासी मोती लाल का आठ वर्षीय पुत्र कार्तिक शनिवार भोर घर में चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान सांप ने उसे डंस लिया। बालक अचानक चारपाई से उठकर अपने माता-पिता को किसी चीज के काटने की जानकारी दी। परिजनों ने आसपास खोजबीन की तो चारपाई के पास एक सांप दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों ने लाठी-डंडों से सांप को मार डाला। बताया गया कि बालक की हालत बिगड़ने पर परिजन पहले उसे झाड़-फूंक के लिए लेकर गए।

हालत में सुधार नहीं होने पर उसे सराय अकिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कार्तिक को मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का कहना है कि यदि सांप के डंसने के तुरंत बाद बालक को समुचित चिकित्सकीय उपचार मिल जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

Post a Comment

0 Comments