ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : जिले में एसओजी में तैनात कांस्टेबल विवेक यादव का बार-बालाओं के साथ स्टेज पर डांस करने और रुपये उड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की ओर से मामले की जांच कराई गई। वायरल वीडियो में एक सिपाही स्टेज पर बार-बालाओं के साथ डांस करता नजर आ रहा है। इस दौरान वह कथित तौर पर रुपये भी उड़ाता दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद लोगों ने पुलिसकर्मी के आचरण को लेकर सवाल उठाए। मामला सामने आने के बाद कौशाम्बी पुलिस की ओर से बताया गया कि अब तक की जांच में प्रथम दृष्टया यह तथ्य प्रकाश में आया है कि वायरल वीडियो करीब तीन वर्ष पुराना है। पुलिस के अनुसार, उस समय आरक्षी विवेक यादव अवकाश पर था और उसने छुट्टी के दौरान एक निजी शादी समारोह में प्रतिभाग किया था।
पुलिस के इस स्पष्टीकरण के बाद फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया गया है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिसकर्मी के सार्वजनिक आचरण को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। मामले में विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर होने की बात कही जा रही है।
0 Comments