Ticker

6/recent/ticker-posts

पूरामुफ्ती पब्लिक स्कूल ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे देशभक्ति के नारे...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : जिले की सीमा पर स्थित पूरामुफ्ती पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज गर्ल्स इंटरमीडिएट कॉलेज में बुधवार, 12 अगस्त 2026 को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सुबह करीब 8:30 बजे आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भारत सरकार रेलवे सलाहकार बोर्ड के सदस्य एवं मुख्य अतिथि डॉ. प्रभु शंकर शुक्ला ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया। तिरंगा यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यालय परिवार के सदस्यों तथा एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एनसीसी कैडेटों ने आर्मी बैंड के साथ मार्चपास्ट करते हुए यात्रा का नेतृत्व किया। हाथों में तिरंगा लेकर छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों को राष्ट्रप्रेम, एकता एवं भाईचारे का संदेश दिया। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। मुख्य अतिथि डॉ. प्रभु शंकर शुक्ला ने कहा कि तिरंगा भारत की एकता, शान और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। ऐसी यात्राओं से विद्यार्थियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का आयोजन प्रत्येक वर्ष भावनात्मक एवं उत्साहपूर्ण तरीके से होना चाहिए।

तिरंगा यात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर जीटी रोड, पूरामुफ्ती थाना होते हुए कोइलहा तक गई और वापस पूरामुफ्ती थाना होते हुए विद्यालय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। पूरामुफ्ती थाना परिसर में एनसीसी कैडेटों ने गार्ड ऑफ ऑनर, आर्मी बैंड मार्चपास्ट तथा वरिष्ठ थाना प्रभारी को सलामी दी। कैडेटों ने पिरामिड बनाकर भी देश के प्रति अपनी भावना और अनुशासन का प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर में यात्रा के समापन पर आर्मी बैंड के साथ वंदे मातरम् और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्या प्रीतिमा शुक्ला, उप प्रधानाचार्या निर्मला पाण्डेय, क्रीड़ाध्यापक जगदीश मौर्य, माला पटेल, पिंकी यादव, नीता यादव, अनुज सिंह, गौरव सिंह, मुस्कान, सविता प्रजापति, निगार फातिमा, अंजलि मौर्य, जितेंद्र वर्मा, सूर्यांश पाण्डेय, आयुष केशरवानी, दिनेश कुमार, अशफाक अहमद सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। एनसीसी समन्वयक अंशुमान सेन, प्रदेश इंचार्ज शुभम सर, एनसीसी के पूर्व छात्र राहुल तिवारी समेत अन्य लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी हेड शुभम कुमार एवं अंशुमान सेन ने किया।

Post a Comment

0 Comments