Ticker

6/recent/ticker-posts

तेज बारिश और हवाओं में जड़ से उखड़ा पेड़, बाइक सवार दबकर गंभीर घायल...

रिपोर्ट-विकास कुमार पटेल 

प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज बारिश और हवाओं के चलते एक विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर जीटी रोड पर जा गिरा। इस दौरान सड़क से गुजर रहा एक बाइक सवार पेड़ की चपेट में आ गया और उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना केंद्रीय विद्यालय के सामने जीटी रोड किनारे की बताई जा रही है। पेड़ गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पूरामुफ्ती पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से जेसीबी मंगवाई गई। जेसीबी की मदद से पेड़ को हटाकर उसके नीचे दबे बाइक सवार को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे के चलते कुछ समय के लिए जीटी रोड पर आवागमन भी प्रभावित रहा। पुलिस ने पेड़ को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। बारिश और तेज हवाओं के दौरान पेड़ गिरने से हुए हादसे के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments