ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के भगवतपुर मोड़ क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे एक मजदूर की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक के भाई ने मकान मालिक और ठेकेदार पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर काम कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही की मांग की है। बतादें कि बम्हरौली उपहार निवासी धीरज कुमार ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका छोटा भाई नीरज कुमार मजदूरी का काम करता था। आरोप है कि 9 अगस्त को वह भगवतपुर मोड़ क्षेत्र में मकान मालिक सुशील कुमार मिश्रा और ठेकेदार विनोद कुमार के यहां निर्माण कार्य में लगा था। उसके साथ प्रदीप कुमार और निरंजन निषाद भी काम कर रहे थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, मकान से सटरिंग का सामान और बल्ली उतारने के दौरान पास से हाईटेंशन विद्युत तार गुजर रहा था।
प्रदीप और निरंजन ने कथित तौर पर मकान मालिक को तार से हादसे की आशंका जताते हुए सामान अंदर से उतारने की बात कही थी। आरोप है कि मकान मालिक ने बाहर से ही सामान उतारने के लिए कहा और काम नहीं करने पर मजदूरी नहीं देने की बात कही। इसकी जानकारी ठेकेदार को भी दी गई, लेकिन कथित तौर पर उसने भी मकान मालिक के निर्देश के अनुसार काम करने को कहा। धीरज का आरोप है कि इसी दौरान करीब तीन बजे नीरज हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। साथ काम कर रहे प्रदीप और निरंजन उसे उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय, प्रयागराज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद मकान मालिक और ठेकेदार ने घटना से अपना पल्ला झाड़ लिया। धीरज कुमार ने पुलिस से सुशील कुमार मिश्रा और ठेकेदार विनोद कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस की कार्रवाई और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
0 Comments