Ticker

6/recent/ticker-posts

बारिश में जर्जर मकान भरभराकर गिरा, गरीब परिवार हुआ बेघर...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र के नेवादा ब्लॉक अंतर्गत रामपुर गांव में सोमवार शाम लगातार बारिश के दौरान एक गरीब परिवार का जर्जर खपरैल मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में परिवार के लोग बाल-बाल बच गए, लेकिन घर में रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। मकान गिरने के बाद अवधेश, उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। रामपुर गांव निवासी अवधेश पुत्र स्वर्गीय इंद्रपाल मेहनत-मजदूरी और खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान में सीलन बढ़ गई। इसी दौरान अचानक मकान भरभराकर जमींदोज हो गया। गनीमत रही कि मकान गिरने से कुछ समय पहले ही अवधेश अपने परिवार के साथ बाहर निकल आए थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। मकान गिरने से परिवार का घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।

अब परिवार के सामने बारिश से बचने के साथ ही रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की चुनौती है। पीड़ित के अनुसार घटना की जानकारी ग्राम प्रधान और हल्का लेखपाल को दी गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई नहीं हो सकी थी। पीड़ित अवधेश ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही बारिश से बचाव के लिए सुरक्षित आश्रय और आवास मुहैया कराने की मांग की है। अब देखना है कि जिम्मेदार अधिकारी कब तक पीड़ित परिवार की स्थिति का संज्ञान लेकर राहत पहुंचाते हैं।

Post a Comment

0 Comments