Ticker

6/recent/ticker-posts

सैयद सरावां गांव में जलभराव बना मुसीबत, ग्रामीणों ने तहसील दिवस में लगाई गुहार...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : चायल तहसील क्षेत्र के मूरतगंज विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा सैयद सरावां की अहिरान बस्ती में जलभराव की समस्या ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बस्ती के रास्तों, घरों और आसपास के खेतों में पानी भरा होने से लोगों का आवागमन प्रभावित है। ग्रामीणों का आरोप है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश के मौसम में उन्हें इसी समस्या से जूझना पड़ता है। बताया गया कि गांव की आबादी करीब 10 से 11 हजार है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव स्थित तालाब का जलस्तर पिछले कई महीनों से लगातार बढ़ा हुआ है। पानी की निकासी नहीं होने के कारण तालाब का पानी आसपास के घरों, गलियों और खेतों में भर रहा है। गंदा पानी जमा होने से मच्छरों और कीट-पतंगों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड और त्वचा संबंधी बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। रास्ते जलमग्न होने से स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कत उठानी पड़ रही है। वहीं खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान होने की आशंका है। ग्रामीणों ने तालाब की पाल कमजोर होने का भी दावा किया है, जिससे भविष्य में बड़ा हादसा होने की आशंका जताई है।

जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीण तहसील दिवस चायल में पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और संबंधित विभाग पर शिकायतों के बावजूद ठोस कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया। वहीं कुछ ग्रामीणों ने मौजूदा ग्राम प्रधान पर भी लापरवाही और समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। सपा नेता चंद्रजीत यादव समेत सतीश यादव, अजीत यादव, सत्यराज यादव, चमन यादव, रीना यादव, सुनीता यादव, पिंटू यादव, आशीष यादव, साहिल यादव, मनीष यादव, राजेश यादव, सुशीला, मनीषा यादव, राहुल यादव, राजू विश्वकर्मा और रवि विश्वकर्मा समेत कई ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने तालाब के पानी की निकासी, पाल की मरम्मत और बस्ती से जलभराव हटाने के लिए स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो बारिश बढ़ने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Post a Comment

0 Comments