रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के समदा गांव में चारपाई पर सो रहे शकील हसन उर्फ राशिद की हत्या के मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्यारोपी मोहम्मद कदीम पुत्र मोहम्मद यासीन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट, मृतक के मोबाइल के टूटे हुए पार्ट्स, भूरा पर्स और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त की सुबह राम वनगमन मार्ग किनारे स्थित निर्माणाधीन मकान में चारपाई पर एक व्यक्ति का शव मिला था। मृतक की पहचान शकील हसन उर्फ राशिद के रूप में हुई थी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने जल्द खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद मोहम्मद कदीम को मुंडेरा रोड से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने मृतक को करीब 1.10 लाख रुपये ब्याज पर उधार दिए थे। इसके बदले वह मृतक से 2.75 लाख रुपये की मांग कर रहा था। रुपये न मिलने पर उसने हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त की रात आरोपी ने मृतक को रुपये देने के बहाने बुलाया। इसके बाद चाकू और ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मंझनपुर पुलिस ने मामले में मुकदमा अपराध संख्या 362/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई में थाना मंझनपुर पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम शामिल रही।
0 Comments