ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी गांव में सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना जोरदार था कि करीब चार किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी। फैक्ट्री के आसपास स्थित कई मकान क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जानकारी में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की खबर सामने आई थी। हालांकि, जिलाधिकारी कौशाम्बी के अनुसार हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं। मृतकों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि पटाखा फैक्ट्री रेलवे लाइन के बगल में पावर हाउस के समीप स्थित है। धमाके के बाद आसपास के कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा और कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई। पुलिस, फायर सर्विस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रशासन के मुताबिक, सोमवार 31 अगस्त 2026 को करीब दोपहर 12 बजे पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी स्थित पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस टीम मौके पर पहुंची। प्रयागराज-कौशाम्बी सीमा से सटा इलाका होने के कारण प्रारंभिक कार्रवाई के बाद कौशाम्बी पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य तेज किया। डीएम और एसपी की निगरानी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मलबे को हटाकर उसमें फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। फैक्ट्री में आग और धमाके की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं इस दुर्घटना को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कौशाम्बी में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
स्थानीय अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवारों से संपर्क कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को 2-2 लाख तथा घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु भी निर्देशित किया है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
0 Comments