Ticker

6/recent/ticker-posts

नारायण स्वरूप हॉस्पिटल में धूमधाम से हुआ ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : नारायण स्वरूप हॉस्पिटल एवं नारायण स्वरूप इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। समारोह में चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, शिक्षकों, विद्यार्थियों, मरीजों के परिजनों तथा गणमान्य नागरिकों समेत करीब 400 लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुआ। इसके बाद नारायण स्वरूप हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. राजीव सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर एवं वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनिया सिंह तथा इंस्टीट्यूट की प्रिंसिपल सीमा कुमारी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम का भाव जगाया। हाथों में तिरंगा लिए चिकित्सकों, स्टाफ और विद्यार्थियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

इस अवसर पर डॉ. राजीव सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की प्रगति में स्वास्थ्य और शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। ‘स्वस्थ भारत शिक्षित भारत’ के संकल्प के साथ समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रशिक्षण देने के लिए संस्थान निरंतर प्रयासरत रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और सभी को अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी और समर्पण के साथ योगदान देना चाहिए। समारोह का समापन देश की एकता, अखंडता और प्रगति के संकल्प के साथ हुआ।

Post a Comment

0 Comments