Ticker

6/recent/ticker-posts

सैय्यद सरावां में जलभराव से ग्रामीण परेशान, घुटने तक पानी में आवागमन को मजबूर...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : सैय्यद सरावां गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों को गंभीर जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। लगातार बारिश के चलते गांव के तालाब का जलस्तर बढ़ गया है। पानी निकासी का रास्ता नहीं होने से मुख्य मार्ग पर कमर तक पानी भर गया है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में हर साल गांव में जलभराव की स्थिति पैदा होती है, लेकिन ग्राम पंचायत स्तर से स्थायी जल निकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई। तालाब का पानी बढ़ने के साथ ही मुख्य रास्ता पूरी तरह पानी में डूब जाता है। इससे पैदल चलने वालों के साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों को जरूरी काम से आने-जाने में जोखिम उठाना पड़ रहा है। जलभराव की शिकायत मिलने के बाद तहसीलदार मौके पर स्थिति देखने पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें जलभराव की समस्या दिखाकर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर लोगों की नाराजगी के बीच तहसीलदार वहां से चले गए।

इससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। पानी लंबे समय तक जमा रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर तालाब के पानी की निकासी के लिए तत्काल व्यवस्था कराने और भविष्य में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि स्थायी समाधान नहीं हुआ तो हर बारिश में यही स्थिति दोहराती रहेगी।

Post a Comment

0 Comments