रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जनपद में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने बुधवार देर शाम शहर के विभिन्न जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को बारिश के दौरान पूरी तरह अलर्ट रहने और जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कीरत सागर तालाब के ओवरफ्लो से बह रहे पानी के कारण आलमपुरा क्षेत्र (स्टेशन रोड) में हुए जलभराव का मौके पर निरीक्षण किया। इसके बाद तालाब के दूसरी ओर यशोदा नगर स्थित बीएसएनएल कार्यालय से स्टेशन रोड तक जलभराव की स्थिति भी देखी। उन्होंने सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से जलभराव, नालों की सफाई, सड़कों की स्थिति और निचले इलाकों में जल निकासी की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल पानी की निकासी कराई जाए तथा प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने तहसील और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए। आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक संसाधन और टीमों को तैयार रखने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बारिश के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए आमजन को राहत पहुंचाएं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी इंद्र नंदन सिंह, उपजिलाधिकारी सदर शिव ध्यान पांडे, अधिशासी अभियंता मोतीलाल, अधिशासी अधिकारी अवधेश कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
0 Comments