Ticker

6/recent/ticker-posts

शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण, आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी का आरोप...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

प्रयागराज : पिपरी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के एक युवक पर शादी का झांसा देकर करीब एक साल तक शारीरिक शोषण करने और विरोध करने पर आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से करते हुए आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्यवाही की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, पीड़िता रानी देवी पुत्री भोंदू परिवर्तित नाम ने करीब एक वर्ष पहले अपनी बहन के घर छबीलेपुर गांव गई थी। आरोप है कि इसी दौरान अकबरपुर सल्लाहपुर (लल्लापुर), थाना पूरामुफ्ती निवासी शिवा पुत्र रामबाबू ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया और कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि जब वह शादी के लिए दबाव बनाती तो आरोपी अगले महीने शादी करने की बात कहकर टाल देता था। इसी दौरान आरोपी ने मोबाइल से उसकी कई आपत्तिजनक तस्वीरें बना लीं। शादी के लिए कहने पर कथित तौर पर तस्वीरें वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी जाने लगी। शिकायत में बताया गया कि 5 जुलाई 2026 को आरोपी ने शादी करने की बात कहकर युवती को अपने घर बुलाया और कथित रूप से उसे कहीं ले जाकर फिर शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन शादी नहीं की। इसके बाद 26 जुलाई को भी शादी के बहाने उसे प्रयागराज शहर ले जाया गया। युवती के अनुसार, वहां कोर्ट में तत्काल शादी न होने की बात कहकर बाद में शादी करने का भरोसा दिया गया।

आरोप है कि कई दिन बीतने के बाद भी शादी नहीं की गई और उसका शोषण जारी रहा। 14 अगस्त को विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर युवती के साथ मारपीट और गाली-गलौज की तथा शादी करने की बात भूल जाने की धमकी देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे एक कॉलोनी में छोड़कर आरोपी फरार हो गया। पीड़िता का कहना है कि उसने मामले की शिकायत स्थानीय थाना पूरामुफ्ती में की, लेकिन आरोपी के खिलाफ कार्यवाही नहीं हुई। अब उसने उच्चाधिकारियों से मामले में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की है। आरोपों की पुलिस जांच और कार्यवाही के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments