Ticker

6/recent/ticker-posts

बारिश का पानी घरों में घुसा, दलित बस्ती में जनजीवन बेहाल...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : मंझनपुर विकासखंड क्षेत्र के करारी थाना अंतर्गत बभनपुरवा गांव की दलित बस्ती और दरियापुर चौराहे पर बारिश का पानी भर जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई घरों में पानी घुस गया है। बभनपुरवा निवासी बनवारी लाल सरोज के घर में बारिश का पानी घुसने से खाने-पीने की सामग्री, बिस्तर समेत घरेलू सामान भीग गया। परिवार के सामने भोजन और रात में सोने तक की समस्या खड़ी हो गई है। मजबूर होकर परिवार दूसरे के घर में शरण लेकर गुजर-बसर कर रहा है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से राहत और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। वहीं करारी-भरवारी मार्ग स्थित दरियापुर चौराहे पर हर्ष बीज भंडार के सामने सड़क पर तालाब जैसी स्थिति बनी हुई है।

सड़क पर लबालब पानी भरा होने के कारण राहगीरों को पानी में घुसकर आवागमन करना पड़ रहा है। इससे लोगों को परेशानी के साथ हादसे की आशंका भी बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से हर बारिश में यहां जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था कराकर लोगों को राहत दिलाने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments