रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : कोखराज थाना पुलिस ने गौतस्करी के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अंतर्राज्यीय गौतस्कर को बिहार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को यूपी-बिहार बॉर्डर स्थित मालदह गांव से गिरफ्तार किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष कुमार पुत्र स्व. सुरेन्द्र कुमार निवासी ग्राम मेहदाई, थाना चांद, जनपद कैमूर, बिहार के रूप में हुई है। बताया गया कि 17 जून 2026 को कोखराज थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के आगे गंगा ब्रिज पर एक पिकअप वाहन पंचर हालत में खड़ा मिला था। वाहन प्लास्टिक की पन्नी से ढका हुआ था और मौके पर चालक अथवा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। पुलिस ने वाहन की जांच की तो उसमें पांच गोवंश क्रूरतापूर्वक बंधे मिले, जिनमें एक गोवंश मृत अवस्था में पाया गया।
मामले में कोखराज थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 25 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मनीष कुमार घटना के बाद से वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने 20 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी मनीष कुमार को यूपी-बिहार सीमा के पास स्थित मालदह गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
0 Comments