रिपोर्ट-हेमराज यादव
प्रयागराज : विकास खंड भगवतपुर के ग्राम सभा अकबरपुर सलाहपुर में बारिश के पानी से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लगातार हुई बरसात के बाद गांव की लगभग सभी प्रमुख सड़कों और गलियों में पानी भर गया है। जलभराव के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, घरों के आसपास पानी जमा होने से लोगों में बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक सड़कों और गलियों में जमा रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक मानिकपुर से जीटी रोड तक लाखों रुपये की लागत से नाला बनाया गया है, लेकिन समय से सफाई नहीं होने के कारण नाला पूरी तरह उपयोगी नहीं रह गया है। कई स्थानों पर नाले में गंदगी और कचरा जमा होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि मानिकपुर से जीटी रोड तक बने नाले की तत्काल सफाई करा दी जाए तो बारिश का पानी जीटी रोड के किनारे होते हुए सलाहपुर पुल तक पहुंच सकता है। इसके बाद पानी गंगा नदी में चला जाएगा और गांव में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सकती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नाले की नियमित सफाई और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में ऐसी स्थिति पैदा हो जाती है।
पानी भरा रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए मानिकपुर से जीटी रोड तक बने नाले की तत्काल सफाई कराने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि आने वाले दिनों में गांव को जलभराव की समस्या से निजात मिल सके।
0 Comments