Ticker

6/recent/ticker-posts

कजली मेले को लेकर डीएम सख्त, फोरलेन चौड़ीकरण जल्द पूरा करने के निर्देश...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने बुधवार को परमानंद चौक से झलकारीबाई तिराहे तक फोरलेन मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता इंजिनियर विकास कुमार जौहरी ने जिलाधिकारी को बताया कि परमानंद चौक से झलकारीबाई तिराहे तक दाईं ओर करीब 1800 मीटर और बाईं ओर करीब 2100 मीटर लंबाई में डब्ल्यूएमएम स्तर तक चौड़ीकरण का कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर जल निगम की पाइपलाइन शिफ्ट न होने और पाइपलाइन लीकेज के कारण चौड़ीकरण कार्य प्रभावित है। वहीं स्टेट बैंक मुख्य शाखा के पहले तथा रिलायंस पेट्रोल पंप के पास विद्युत पोल शिफ्ट न होने के कारण भी कार्य बाधित हो रहा है।

जिलाधिकारी ने स्थानीय कजली मेले को देखते हुए विद्युत विभाग और जल निगम के अधिकारियों को ट्रांसफार्मर, विद्युत पोल एवं पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि सड़क चौड़ीकरण का कार्य समय से पूरा हो सके। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता इं. विकास कुमार जौहरी, इं. राममिलन, अवर अभियंता इं. प्रदीप कुमार सहित विद्युत वितरण खंड और जल निगम के सहायक अभियंता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments