रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र के बम्हरौली गांव के पास रविवार सुबह डीएफसी लाइन पर दर्दनाक हादसा हो गया। कान में इयरबड्स लगाकर मोबाइल पर रील देख रहा 18 वर्षीय युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बम्हरौली गांव निवासी कमलेश सरोज का पुत्र शनि सरोज (18) रविवार सुबह करीब 7:30 बजे गांव के पास से गुजरी डीएफसी लाइन के किनारे बैठा था। बताया जा रहा है कि वह कान में इयरबड्स लगाए मोबाइल पर रील देखने में व्यस्त था। इसी दौरान प्रयागराज से कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी वहां पहुंच गई। इयरबड्स लगे होने और मोबाइल में व्यस्त रहने के कारण शनि को ट्रेन के आने का पता नहीं चल सका और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसे में शनि की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। शनि मुंबई में रहकर काम करता था और रक्षाबंधन के त्योहार पर घर आया था। उसके पिता गांव में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
बड़ा भाई आनंद सरोज (20) पुणे में रहकर काम करता है, जबकि छोटा भाई सीओ (16) गांव में रहकर पढ़ाई करता है। घटना की सूचना पर शहजादपुर पुलिस चौकी प्रभारी धीरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
0 Comments