Ticker

6/recent/ticker-posts

दर्शनार्थियों से भरी पिकअप को बस ने मारी टक्कर, दुर्घटना में दर्जनों लोग हुए घायल...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : कड़ा धाम में मां शीतला देवी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को मलाक भायल हाईवे के पास तेज रफ्तार बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सड़क पर पलट गई और उसमें सवार श्रद्धालु सड़क पर जा गिरे। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। इनमें करीब एक दर्जन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार चायल क्षेत्र के निजामपुर पुरैनी गांव से करीब 35 श्रद्धालु पिकअप वाहन में सवार होकर कड़ा धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही वाहन कोखराज थाना क्षेत्र के मलाक भायल हाईवे के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार बस ने पिकअप में टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप में फंसे तथा सड़क पर गिरे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में रामशरण की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह, सीओ सिराथू सतेंद्र तिवारी, उपजिलाधिकारी सिराथू प्रमेश श्रीवास्तव और यातायात विभाग के अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य कराया। मालवाहक वाहन में सवारियों को लेकर उठे सवाल हादसे के बाद मालवाहक पिकअप में बड़ी संख्या में यात्रियों के सफर करने को लेकर यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। नियमों के मुताबिक मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाकर ले जाना प्रतिबंधित है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि ऐसे वाहनों की समय रहते जांच और कार्यवाही की जाती तो हादसे को रोका जा सकता था।

हादसे के बाद लोगों ने यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि, यातायात पुलिस की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि हादसे के बाद मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

Post a Comment

0 Comments