रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : जिला जज एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में आगामी 12 सितंबर 2026 को दीवानी न्यायालय परिसर, कौशाम्बी में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत में लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर सरल और त्वरित तरीके से निस्तारण कराया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव प्रिया सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों को निस्तारण के लिए शामिल किया गया है। इनमें मोटर दुर्घटना दावा याचिकाएं, पारिवारिक वाद, बैंक वसूली, एनआई एक्ट, विद्युत एवं श्रम संबंधी मामले, जमीन से जुड़े विवाद, चालानी मामले तथा अन्य शमनीय वाद शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित लोक अदालत में करीब 31 हजार मामलों का निस्तारण किया गया था।
इस बार अधिक से अधिक मामलों को आपसी सहमति और समझौते के आधार पर निस्तारित कराने के लिए करीब 35 हजार मामलों के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सचिव प्रिया सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने शमनीय मामलों का आपसी समझौते के माध्यम से निस्तारण कराकर समय एवं धन की बचत करें।
0 Comments