रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : तहसील चरखारी के राजस्व ग्राम रिवई में रविवार रात मॉडल स्कूल के पीछे बने नाले में तीन बच्चों के शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतकों की पहचान अंशुल पुत्र खलक (10 वर्ष), रोशनी पुत्री जियालाल (11 वर्ष) तथा प्रिंस पुत्र मनोज कुमार (11 वर्ष), सभी निवासी ग्राम रिवई के रूप में हुई है। तीनों बच्चों के शव रविवार रात करीब नौ बजे मॉडल स्कूल रिवई के पीछे स्थित नाले से बरामद किए गए। घटना के बाद सोमवार को जिलाधिकारी गजल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले के संबंध में जानकारी प्राप्त की। डीएम और एसपी ने मृतक बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव प्रशासनिक मदद का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दैवीय आपदा के तहत नियमानुसार पीड़ित परिवारों को मिलने वाली सहायता राशि 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराई जाए।
तीनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना के कारणों को लेकर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जांच की जा रही है। बच्चों की मौत की खबर से रिवई गांव में शोक का माहौल है।
0 Comments