Ticker

6/recent/ticker-posts

दिवाली पर ग्रामीणों को मिला स्वच्छ पेयजल का उपहार, महोबा के 339 गांवों में जलार्पण संपन्न...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : दिवाली के अवसर पर जनपद के ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जल जीवन मिशन के तहत महत्वपूर्ण पहल की गई है। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की ओर से जिले के गांवों में पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर तक पानी पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। अब तक जनपद के 406 गांवों में पेयजल व्यवस्था विकसित की जा चुकी है। इनमें 391 गांवों का हर घर जल प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है, जबकि 339 गांवों में जलार्पण की प्रक्रिया संपन्न हो गई है। इसी क्रम में कबरई विकासखंड के शाहपहाड़ी गांव में कबरई ग्राम समूह पेयजल योजना का जलार्पण 2 अक्टूबर 2026 को ग्राम प्रधान शिव शंकर की उपस्थिति में किया गया। इस योजना के तहत गांव के 481 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। इससे गांव की 2,996 आबादी को घर पर ही पेयजल की सुविधा मिल रही है।

महिलाओं और बच्चियों को मिलेगी राहत..

घर-घर नल से पानी पहुंचने से ग्रामीण परिवारों को पानी जुटाने के लिए दूर-दूर तक भटकने से राहत मिलेगी। खासकर महिलाओं और बच्चियों का समय और श्रम बचेगा। इस समय का उपयोग महिलाएं घरेलू कार्यों, बच्चों की देखभाल और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों में कर सकेंगी। वहीं बच्चियों को पढ़ाई के लिए भी अतिरिक्त समय मिल सकेगा। जल जीवन मिशन के तहत केवल घरों तक पानी पहुंचाना ही नहीं, बल्कि उसकी गुणवत्ता बनाए रखना भी प्राथमिकता है। इसके लिए विभागीय स्तर पर पेयजल की गुणवत्ता की जांच की जाती है। साथ ही ग्रामीणों को पानी की शुद्धता, पाइपलाइन और नल कनेक्शन की देखभाल तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विभाग की ओर से ग्रामीणों को पेयजल परिसंपत्तियों की सुरक्षा और रखरखाव में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

जलार्पण के बाद ग्रामीणों की भी जिम्मेदारी...

जलार्पण के माध्यम से तैयार पेयजल योजना को ग्रामीण जनता को समर्पित किया जाता है। इसके बाद योजना के नियमित संचालन और रखरखाव में ग्रामीणों की सहभागिता महत्वपूर्ण होती है। विभाग का जोर है कि ग्रामीण नलों को खुला न छोड़ें, पानी की बर्बादी रोकें और पाइपलाइन सहित अन्य संसाधनों को सुरक्षित रखें। इस संबंध में अधिशासी अभियंता रवि प्रताप सिंह ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। पेयजल योजनाओं के निर्माण के साथ उनके सुचारु संचालन और रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से पानी की बर्बादी रोकने और पेयजल परिसंपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की।

Post a Comment

0 Comments