रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और उन्हें लखपति दीदी बनाने के लिए जिलाधिकारी प्रभाष कुमार ने अधिकारियों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में वीबी-जी राम जी एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें दोनों योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए समूहों की आजीविका बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों के गठन, रिवॉल्विंग फंड, कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड, बैंक क्रेडिट लिंकेज (सीसीएल), परिवार संतृप्तिकरण, वीआरएफ, लखपति आजीविका रजिस्टर और विद्युत सखी के कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही मिशन के अंतर्गत कार्यरत कैडर और उनके दायित्वों की जानकारी लेते हुए विभिन्न गतिविधियों की प्रगति पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को एक समान एवं सामूहिक आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जाए। समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की ऑनलाइन मार्केटिंग कराई जाए और बाजार से बेहतर संपर्क स्थापित किया जाए। नए उत्पादों के निर्माण एवं उनके प्रभावी विपणन के माध्यम से समूहों की आमदनी बढ़ाने के प्रयास किए जाएं।
उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समूह की महिलाओं को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो और अधिक से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन सकें। समीक्षा के दौरान विकासखंड जैतपुर में सीसीएल और ई-केवाईसी की प्रगति कम मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित ब्लॉक मिशन प्रबंधक सुभाषचन्द्र रैकवार एवं नन्दकिशोर शिवहरे के नवंबर 2026 के मानदेय पर रोक लगाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, डीसी एनआरएलएम/वीबी-जी राम जी, सभी खंड विकास अधिकारी, जिला एवं ब्लॉक मिशन प्रबंधक, सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) और सभी एपीओ मौजूद रहे।
0 Comments