Ticker

6/recent/ticker-posts

सरकार की इस अनूठी एवं जन कल्याणकारी पहल का सभी लोग उठाएं लाभ- डीएम...


ब्यूरो रिपोर्ट-जतन सिंह

महोबा : जनपद में 9 फरवरी 2020 को रविवार का दिन जनसामान्य एवं स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित लोगों के लिए बेहद खास रहा। डीएम अवधेश कुमार तिवारी के निर्देशन में जिले के 16 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले एक साथ आयोजित हुए। आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में जहां चार हजार से अधिक लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई गयीं वहीं मौसमी बुखार की जांच के अलावा प्रजनन स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के साथ गर्भवती, बाल और किशोर स्वास्थ्य से जुड़ी जांच पर खास जोर रहा।
डीएम ने तहसील सदर के अंतर्गत नगर क्षेत्र पीएचसी भटीपुरा में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई बेहतर न पाए जाने और गोल्डन कार्ड बनाने में अच्छी प्रगति न मिलने पर सम्बन्धित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की बात कही तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीनगर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि इस आयोजन में स्वयंसेवी योगदान के लिए निजी क्षेत्र के चिकित्सकों को भी आगे आना चाहिए। प्रयास यह हो कि मेले में वे सभी चिकित्सा सुविधाएं एक ही जगह पर लोगों को मिल जाएं जिसके लिए उन्हें बाकी दिनों में कामकाज छोड़कर अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। आयोजित किए गए आरोग्य मेलों में उपचार से वंचित लोगों को बुखार समेत मौसमी बीमारियों की जांच, गर्भवती व बच्चों का टीकाकरण, दवा और सभी पैथालॉजी की जांच निःशुल्क, निःशुल्क सैनेटरी नैपकीन वितरण, नसबंदी के लिए पंजीकरण,आंखों की निःशुल्क जांच क्षय रोग की जांच तथा परिवार नियोजन के अस्थायी साधनों आदि का निःशुल्क वितरण कर 1368 लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करायी गयीं। साथ ही आरोग्य मेलों में आयुष्मान योजना के तहत पूर्व में बनाये गए गोल्डेन कार्डों का लाभार्थियों में वितरण किया गया एवं आयुष्मान भारत योजना के स्टॉल लगा कर 336 लोगों के नए गोल्डेन कार्ड भी बनाए गए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बताया कि प्रत्येक रविवारीय स्वास्थ्य मेले में प्रयास होगा कि ज्यादा से ज्यादा केंद्रों पर कैंप लगा कर लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड की सुविधा प्रदान की जाए।साथ ही मेले में आए लोगों को चिकित्सा व उपचार के अलावा संदर्भन की सुविधा, गर्भावस्था, प्रसवकालीन व जन्म पंजीकरण का परामर्श, बच्चों में डायरिया, निमोनिया रोकने के लिए परामर्श सुविधा, मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया व कुष्ठ की स्क्रीनिंग, बीपी, शुगर, मुख, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग, तंबाकू और मद्यपान छोड़ने के लिए परामर्श आदि सुविधाएं मुहैया करायीं जाएं। इसके अलावा आज तहसील कुलपहाड़ के अंतर्गत आयोजित आरोग्य मेलों का एडीएम (वि0/रा0) आर एस वर्मा व एसडीएम कुलपहाड़ मो0 आवेश तथा तहसील चरखारी के अंतर्गत आयोजित मेलों का एडीएम (न्यायिक) पूनम निगम व एसडीएम चरखारी राजेश यादव द्वारा निरीक्षण किया गया तथा स्वास्थ्य मेलों में ज्यादा से ज्यादा जनसामान्य को लाभान्वित करने के उद्देश्य से सीएमओ डॉ0 सुमन लगातार भ्रमणशील रहीं।

Post a Comment

0 Comments