ब्यूरो रिपोर्ट-जतन सिंह

महोबा : जनपद में 25 फरवरी 2020 को विकास खण्ड जैतपुर, अजनर के सुखानंद हाई स्कूल में जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी की अध्यक्षता व सीडीओ हीरा सिंह की उपस्थिति में चौपाल लगाकर ग्रामीणों के कल्याणार्थ शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की क्रमवार तरीके से समीक्षा की गई, जिसमें डीएम ने पहले सड़क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली।उपस्थित लोगों ने बताया कि पेट्रोल पंप से कारस देव तक पड़ी सड़क उखड़ चुकी है इस पर डीएम ने शीघ्र सड़क निर्माण का भरोसा दिलाया। इसके बाद बिधुत बिभाग की समस्याएं सुनी गई जिसमें अजनर के बसंता पुत्र घंसा बसोर ने बिजली का बिल दो लाख रुपए होने की शिकायत की जिस पर जिलाधिकारी ने एस डी ओ विद्युत विभाग व समाज कल्याण विभाग को आदेश दिया कि आने वाली 27 फरवरी को अजनर-में एकीकृत कैम्प लगाकर लोगों की ज्यादा से ज्यादा समस्याएं निपटाई जाएं। जिलाधिकारी ने आंगन वाड़ी केन्द्रों के खुलने की बात ग्रामीणों से पूछी तो बताया गया कि आंगनवाडी बिसाखा बाजपेई का केन्द्र हमेशा बन्द रहता है इस पर उन्होंने जांच के आदेश दिए।इसी प्रकार गांव में शौचालय निर्माण में देरी पर उन सभी को चेतावनी दी कि जिनके खाते में पैसा पूरा आ गया है और शौचालय अभी नहीं बना।उन्होंने कहा कि ऐसे लोग जल्द शौचालय बनवा लें अन्यथा उनकी रिकवरी की जायेगी। जिलाधिकारी ने बिजली की रोस्टिंग का समय सात बजे से ग्यारह बजे रात्रि को बदल कर देर रात्रि तक किये जाने के निर्देश एसडीओ विद्युत को दिए।उन्होंने कहा कि अभी बच्चों के पेपर चल रहे हैं,इसलिए ज्यादा से ज्यादा विद्युत आपूर्ति की जाए। डीएम ने गांव में बनाये गए पीएम आवासों की जानकारी ली,जिसमें पाया कि गांव में पचहत्तर आवास बन चुके हैं और आवास प्लस में दो सौ सरसठ लोगों के नाम लिस्ट में शामिल किए गए हैं। यह जानकारी पंचायत सचिव सौरभ शुक्ला ने दी।इसके साथ ही जिलाधिकारी ने गांव की प्रगति पुस्तिका में गलत जानकारी देने पर अजनर के ग्राम विकास अधिकारी सौरभ शुक्ला को कड़ी फटकार लगाई।इसके अलावा किसान सम्मान निधि योजना में लाभान्वित किसानों की सही जानकारी न दे पाने के कारण कृषि बिभाग के सभी कर्मचारियों के वेतन काटने के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने चौपाल में शासन के सभी प्रमुख मुद्दों पर प्रमुखता से बात किया, साथ ही उन्होंने लोगों की समस्याओं के निस्तारण तथा शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र को देने की बात कही । चौपाल में डीडीओ आरएस गौतम, एसडीएम मो आवेश, तहसीलदार सुबोधमणि शर्मा, डीपीआरओ संतोष कुमार, डीसी एनआरएलएम सत्यराम यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
0 Comments