ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : जनपद में पूरामुफ़्ती थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव में शनिवार देर रात बदमाशों ने एक घर में घुसकर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। असलहों से लैश आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने मालती देवी और उनके पुत्र गोलू को बंधक बनाकर सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर मदद के लिए पहुंची सीमा नामक महिला को बदमाशों ने गोली मार दी, जो उसकी हथेली को छूती हुई निकल गई। घटना शनिवार रात लगभग 12 बजे की है, जब सभी लोग सो रहे थे। उसी दौरान बदमाशों ने दीवार फांदकर घर में घुसकर पूरे परिवार को निशाना बनाया। कुछ बदमाश बाहर निगरानी में थे जबकि अन्य अंदर घुसकर लूटपाट करने लगे।
स्थानीय महिला को लगी गोली...
सीमा पुत्री प्रेम जब बदमाशों का विरोध करने पहुंची तो उसे बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से उसकी हथेली में गंभीर चोट आई है। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस की तत्परता, दो बदमाश पकड़े गए...
सूचना मिलते ही पूरामुफ़्ती पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने साक्ष्य एकत्र किए और लूट में शामिल बदमाशों की तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों की मदद से दो बदमाशों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जिन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया है। शेष बदमाश फरार हैं।
थाना अध्यक्ष मनोज सिंह ने बताया...
"चोरी की नीयत से घर में घुसे बदमाशों में से दो को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उनके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और अन्य की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।"
घटना से दहशत का माहौल...
केशवपुर गांव और आसपास के क्षेत्र में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है। लोग अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही है।
0 Comments