Ticker

6/recent/ticker-posts

महिला के खाने की नली में फंसा नकली दांत, डॉक्टर राजीव सिंह ने बचाई जान...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : जनपद में नारायण स्वरुप हॉस्पिटल की चिकित्सक टीम ने समय रहते सही इलाज देकर 60 वर्षीय महिला की जान बचा ली। मामला जानसेनगंज निवासी पुष्पा देवी (उम्र 60 वर्ष, पिता राजेश गुप्ता, मकान संख्या 246) का है। मिली जानकारी के अनुसार, पुष्पा देवी के प्राकृतिक दांत टूट जाने के बाद उन्हें कृत्रिम दांत लगाए गए थे। शुरू में दांत सामान्य रूप से काम कर रहे थे, लेकिन धीरे-धीरे ढीले पड़ने लगे। बीते दिनों भोजन के दौरान अचानक नकली दांत निकलकर उनकी खाने की नली (Esophagus) में फंस गया। इससे महिला को तेज़ दर्द, सांस लेने में कठिनाई, उल्टी और गले में रुकावट जैसी गंभीर समस्या हो गई। परिवारजन उन्हें पहले अन्य जगह ले गए, लेकिन हालत बिगड़ने पर तुरंत नारायण स्वरुप हॉस्पिटल, प्रयागराज लाया गया।

हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने एक्स-रे और एंडोस्कोपी जांच की, जिसमें स्पष्ट हुआ कि दांत खाने की नली में फंसा है और स्थिति जानलेवा है। वरिष्ठ एंडोस्कोपिस्ट डॉ. राजीव सिंह के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम—डॉ. आकाश शाह (डीएम गैस्ट्रोएंट्रोलोजिस्ट), डॉ. अवनीश तिवारी एवं शिवांशु—ने एंडोस्कोपिक प्रक्रिया से एक घंटे के भीतर दांत को सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया। डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि मरीज की स्थिति अत्यंत गंभीर थी। थोड़ी भी देर होती तो सांस की नली बंद होकर जान का खतरा हो सकता था। हमारी टीम ने एंडोस्कोपी द्वारा दांत निकालकर मरीज की जान बचाई। फिलहाल मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और सामान्य भोजन कर पा रही हैं।

जन-जागरूकता संदेश देते हुए डॉक्टर राजीव सिंह ने कहा कि नकली दांत की फिटिंग की नियमित जांच करवाना ज़रूरी है। ढीले दांत या दंत उपकरण को तुरंत दंत चिकित्सक को दिखाएँ। ऐसी स्थिति में घरेलू उपाय नहीं अपनाएँ, तुरंत नज़दीकी बड़े हॉस्पिटल में पहुँचें। यह सफल ऑपरेशन एक बार फिर साबित करता है कि समय पर सही इलाज जीवनरक्षक होता है।

Post a Comment

0 Comments