ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : जनपद में चायल तहसील के कठरा प्राथमिक विद्यालय में बुधवार दोपहर वाटर हार्वेस्टिंग निर्माण के लिए गड्ढा खुदाई का काम चल रहा था। अचानक खुदाई कर रहे मजदूरों की निगाह मिट्टी के बर्तन पर पड़ी। बर्तन खुलते ही उसमें से बड़ी संख्या में पुराने सिक्के निकल आए। शुरुआत में मजदूरों और ग्रामीणों के बीच अफवाह फैल गई कि सिक्के सोने-चांदी के हैं। मौके पर हड़कंप मच गया और भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि विद्यालय के अध्यापकों ने कुछ सिक्कों को साफ कर देखा तो वे तांबे के प्रतीत हुए। प्राथमिक अनुमान है कि ये सिक्के मुगलकालीन हो सकते हैं, लेकिन उनकी असलियत और धातु की पहचान जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।
स्थानीय प्रशासन को इस मामले की सूचना दे दी गई है। विशेषज्ञों की टीम सिक्कों की जांच करेगी। अचानक विद्यालय परिसर से प्राचीन सिक्कों के निकलने की खबर ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
0 Comments