Ticker

6/recent/ticker-posts

महिला पंचायत सहायक की दबंगई का विरोध, भगवतपुर ब्लाक में उठी कार्यवाही की मांग...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : जनपद के भगवतपुर ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब सोरांव ब्लॉक में कार्यरत महिला पंचायत सहायक शमशीर बनो अपने दो साथियों के साथ अचानक ब्लॉक कार्यालय पहुंची और ग्रामसभा कुसुवां के पंचायत सहायक प्रवीन यादव पुत्र बसंत लाल पर हमला बोल दिया। मिली जानकारी के अनुसार शमशीर बनो ने प्रवीन यादव को पहले फोन कर ब्लॉक में मीटिंग के बहाने बुलाया। जैसे ही प्रवीन कार्यालय पहुंचे, महिला अपने दोनों साथियों के साथ कमरे में घुस गई और गाली-गलौज करने लगी। विरोध करने पर उसने अपनी जूती उतारकर प्रवीन यादव को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान उसके साथ आए दोनों अज्ञात युवक घटना का वीडियो बनाते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शमशीर बनो और प्रवीन यादव के बीच पिछले कई दिनों से पंचायत सहायकों के व्हाट्सएप ग्रुप पर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में महिला ने ब्लॉक कार्यालय में घुसकर हंगामा खड़ा कर दिया। घटना के बाद आरोपी महिला और उसके साथी चारपहिया वाहन से फरार हो गए।

प्रवीन यादव ने मामले की शिकायत ब्लॉक के बीडीओ से की। बीडीओ ने सीसीटीवी फुटेज देखकर कार्यवाही का आश्वासन दिया, लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई। इससे नाराज होकर भगवतपुर ब्लॉक के सभी पंचायत सहायकों ने एकजुट होकर खंड विकास अधिकारी से महिला पंचायत सहायक के खिलाफ विभागीय कार्यवाही और थाना एयरपोर्ट पुलिस से मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पंचायत सहायकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही कार्यवाही नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Post a Comment

0 Comments