रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद के पिपरी थाना क्षेत्र के नगर पंचायत चायल में शनिवार की आधी रात एक दर्दनाक हादसे में 6 वर्षीय बच्ची की सर्पदंश से मौत हो गई। परिजनों को बच्ची ने बताया भी था कि उसे किसी ने काट लिया है, लेकिन बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। सुबह जब बच्ची नहीं जागी तो परिजनों में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत चायल के वार्ड नंबर 1, डीहा गांव निवासी राजेन्द्र कुमार की पुत्री अंशिका (उम्र लगभग 6 वर्ष) शनिवार रात लघुशंका के लिए उठी थी। इसी दौरान अचानक एक सर्प ने उसे काट लिया। अंशिका ने परिजनों को बताया कि “हमको कुछ काट लिया है”, लेकिन परिवार वालों ने इसे सामान्य समझकर अनदेखा कर दिया।
बच्ची दोबारा सो गई, लेकिन सुबह जब वह देर तक नहीं उठी तो परिजनों ने उसे जगाने की कोशिश की। काफी प्रयास के बाद भी जब अंशिका नहीं जागी, तब उसकी हालत देखकर परिवार के होश उड़ गए। सूचना पर गांव में मातम का माहौल छा गया। परिजन रो-रोकर बेसुध हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बच्ची का उपचार कराया जाता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई है।
0 Comments