रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में परिजनों की डांट से नाराज़ होकर घर से भागे चार मासूम बच्चों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नदी के किनारे से सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों के घर से लापता होने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया था। मामला थाना कोखराज क्षेत्र का है, जहां शहजादपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव के निवासी युवक ने पुलिस को सूचना दी कि उसके चार बच्चे (उम्र 12, 9, 7 और 5 वर्ष) घर से कहीं चले गए हैं और उनका पता नहीं चल पा रहा है। सूचना मिलते ही थाना कोखराज प्रभारी निरीक्षक सी.बी. मौर्य ने तत्काल उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित कर बच्चों की तलाश के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने रातभर क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। देर रात सभी बच्चे चंदन घाट के पास नदी के किनारे बैठे हुए मिले। पुलिस ने बच्चों को सकुशल बरामद कर उनसे पूछताछ की और उन्हें समझाया-बुझाया। आवश्यक लिखापढ़ी पूरी करने के बाद पुलिस ने सभी बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना की।
0 Comments